त्यूणी के मैंद्रथ निवासी सुलेमान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की एक आपत्तिजनक वीडियो चंद रोज पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। उसके बाद जबरदस्त विरोध शुरू हो गया था। रुद्रसेना फाउंडेशन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवक को गिरफ्तार करने की मांग की थी। वहीं, गिरफ्तारी न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी।
पुलिस ने रविवार को युवक को थाने में बुलाकर उससे पूछताछ की थी। युवक के स्मार्टफोन की जांच की। युवक ने अपनी फेसबुक आईडी से पांच एआई वीडियो डाली थी। इसमें चार पाकिस्तान के खिलाफ थी। वहीं, एक वीडियो आपत्तिजनक थी। युवक ने पुलिस को बताया कि था कि उसने गलती से वीडियो पोस्ट किया था। पुलिस ने युवक को पाबंद किया था।
सोमवार को भाजपा और रुद्रसेना के कार्यकर्ता त्यूणी थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर युवक पर हल्की धाराओं में कार्रवाई करने का आरोप लगाया। रुद्रसेना फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश तोमर उत्तराखंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री और देश के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो शेयर करना सीधे तौर पर राजद्रोह है। देश के मान सम्मान पर आघात करने का प्रयास किया गया है। इससे राष्ट्रवादी लोगों की भावना को ठेस पहुंची है। कहा कि पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
सीओ बीएल शाह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय एकता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने और आईटी एक्ट संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।