देहरादून : इस वर्ष की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह सातवें आसमान पर है। यात्रा शुरू होने से पहले ही ऑनलाइन पंजीकरण का आंकड़ा 19 लाख पार कर चुका है। खास बात यह है कि इस बार 0 से 15 वर्ष के आयु वर्ग के 1.11 लाख से अधिक बच्चों और 60 वर्ष से ऊपर के 2.58 लाख से अधिक बुजुर्गों ने भी यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।
पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर दर्ज पंजीकरण आंकड़े यह दिखा रहे हैं कि चारधाम यात्रा अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रही। बच्चों से लेकर युवा और बुजुर्गों तक – सभी में यात्रा को लेकर गजब का उत्साह है। सबसे अधिक पंजीकरण 20 से 70 वर्ष आयु वर्ग में हुआ है।
यात्रा पंजीकरण के नोडल अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने बताया, “चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण तेज़ी से और सुचारु रूप से हो रहा है। हर आयु वर्ग के लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 28 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।