उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शराब की नई दुकानों के खुलने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को स्पष्ट आदेश दिया कि जब तक इस मुद्दे पर पुनर्विचार नहीं हो जाता, तब तक किसी भी नई मदिरा दुकान को अनुमति नहीं दी जाए।
मुख्यमंत्री को मिली थीं शिकायतें
मुख्यमंत्री धामी को हाल ही में प्रदेश में शराब की नई दुकानों को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और किसी भी निर्णय में जनसुरक्षा और धार्मिक स्थलों का ध्यान रखा जाएगा।
नई आबकारी नीति में है पहले से प्रतिबंध
यह कदम प्रदेश सरकार की नई आबकारी नीति के तहत उठाया गया है, जिसमें पहले ही धार्मिक स्थलों के आसपास शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद भी यह बात कई बार दोहराई है कि शिक्षण संस्थाओं और धार्मिक स्थलों के निकट मदिरा की दुकानें नहीं खोली जाएं, ताकि समाज के धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की जा सके।
स्थानीय लोगों की आपत्तियां
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में शराब की नई दुकानों के प्रस्तावित खुलने के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारियों के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराई थीं। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए, मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस प्रक्रिया पर पुनर्विचार करें और आवंटन संबंधी कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दें।