हरियाणा से हरिद्वार आ रही कार हादसे का शिकार, एक की मौत, दो घायल

हरियाणा से हरिद्वार आ रही एक तेज रफ्तार स्कोडा कार रानीपुर झाल के पास डिवाइडर से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार जैसे ही रानीपुर झाल के समीप पहुंची, वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 25 वर्षीय योगी शिवानंद पुरी उर्फ सगुन अग्रवाल, निवासी ए-17, ब्रजेश नगर, सहारनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल हुए दो अन्य युवक
हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों में से एक की पहचान ईशु, निवासी हरिपुर कला, हरिद्वार के रूप में हुई है। दूसरे घायल की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
दुर्घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, वहीं मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात्रि में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!