विजिलेंस की टीम ने 10 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे

विकासनगर। क्षेत्र में ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने बिजली बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई की है। बिल नहीं जमा करने वाले 10 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। जबकि, एक मीटर में गड़बड़ी की आशंका के चलते उसे सील कर दिया गया। उधर, कार्रवाई के दौरान टीम ने एक लाख रुपये का राजस्व भी वसूला है।
ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने विकासनगर के गीता भवन, मुस्लिम बस्ती, बाबूगढ़, चिरंजीवपुर, भीमावाला में बिजली के दो लाख रुपये तक के बकायेदारों पर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने बंच केबल में कट लगाकर की जा रही बिजली चोरी की एक घटना को पकड़कर चोरी में उपयोग की जा रही केबल को जब्त करते हुए पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इसके साथ ही टीम ने एक मीटर में गड़बड़ी किए जाने की आशंका के चलते मीटर को सील कर दिया।
टीम ने बकायेदारों पर कार्रवाई करते हुए 10 उपभोक्ताओं के बिजली संयोजन रद्द कर दिए। उपखंड अधिकारी अरशद अली ने बताया कि इस दौरान एक लाख रुपये के राजस्व की वसूली भी की गई है। विजिलेंस टीम में सहायक अभियंता विजिलेंस रोबिन सिंह, विकास कुमार, अनिल कुमार, अमित मित्तल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!