देहरादून जिले के रायवाला थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। हरिपुरकलां क्षेत्र में 7 फरवरी की रात हुए इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
वादिनी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़ित रितेश गुप्ता ने थाना रायवाला में दी गई शिकायत में बताया कि उनके परिवार का ऋषभ धीमान, राहुल धीमान और अन्य नामजद व्यक्तियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में मां मीरा देवी को गंभीर चोटें आईं, और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
कानूनी धाराओं में मामला दर्ज
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना रायवाला में मु०अ०सं० 25/25 के अंतर्गत धारा 103(2) / 117(4) / 191(3) / 3(5) बीएनएस के तहत ऋषभ धीमान व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसे गंभीर आपराधिक कृत्य मानते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देश पर रायवाला पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और साक्ष्य जुटाए। साथ ही मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया।
24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज में शांति भंग करने वालों और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। रायवाला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।