उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को उत्तराखंड के 3 दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान, उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। अपने संबोधन में, मुख्यमंत्री ने राज्य में हो रहे पलायन और बंजर पड़े खेतों की समस्या पर गहरी चिंता जताई और कृषि एवं पशुपालन के माध्यम से पलायन को रोकने के उपायों पर जोर दिया।
सीएम योगी इस यात्रा के दौरान अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए उत्तराखंड आए हैं, लेकिन उन्होंने राज्य के विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लिया। महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने एक छोटे बच्चे को गोद में उठाया और उसके साथ कुछ समय बिताया, हंसते-खेलते हुए उन्हें देखा गया।
पलायन और बंजर पड़े खेतों पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तराखंड में कई गांवों से पलायन हो चुका है, और इससे राज्य के विकास पर असर पड़ा है। इसके प्रमुख कारणों में बंजर पड़े खेत हैं। अगर इन खेतों पर काम होगा तो पलायन की समस्या को रोका जा सकता है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बंजर खेतों को छोड़ने के बजाय वहां कृषि गतिविधियां शुरू करें और अपने स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग करके आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।
उन्होंने आगे कहा, “उत्तराखंड एक सीमांत राज्य है, और यह राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि पलायन की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे की बात हो सकती है।”
कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने की अपील
सीएम योगी ने कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राज्य में डेयरी और पशुपालन के अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, “बकरी का दूध अत्यधिक गुणकारी है और कई रोगों के उपचार में सहायक हो सकता है। इसके साथ ही, बकरी और मुर्गे-मुर्गियों का वितरण किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को सहायता मिलेगी।”
उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने की अपील भी की और कहा कि यह राज्य केवल प्राकृतिक सुंदरता में ही नहीं, बल्कि अपने सामाजिक और सांस्कृतिक ढांचे में भी सबसे आगे होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य उत्तराखंड को न केवल सुंदर बनाना है, बल्कि इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य भी बनाना है।”
कार्यक्रमों में हिस्सा और विकास कार्यों का उद्घाटन
अपने दौरे के पहले दिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और आनंद सिंह बिष्ट स्मृति पार्क में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण किया। इसके साथ ही, उन्होंने किसान मेला का उद्घाटन भी किया और गोरक्ष पत्रिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के महत्व को स्वीकार करते हुए कहा कि यह राज्य भारत का मुकुटमणि है और इसकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके हालचाल लिए, साथ ही उनके मुद्दों को सुना।