भारतीय जनता पार्टी ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष को भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पहली बैठक में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित कार्यक्रमों की योजना बनाई गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने की, जिसमें प्रदेश स्तर से लेकर मंडल स्तर तक आयोजन समितियों के गठन, अटल जी से जुड़ी स्मृतियों और साहित्य के संग्रहण समेत कई अहम निर्णय लिए गए।
अटल स्मृति अभियान का होगा राज्यव्यापी विस्तार
आदित्य कोठारी ने बैठक के बाद मीडिया को बताया,
“देश के महान नेता, यशस्वी वक्ता और अद्वितीय प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी का जन्मशताब्दी वर्ष चल रहा है। भाजपा इसे देशभर में श्रद्धा और प्रेरणा के रूप में मना रही है। उत्तराखंड में भी यह वर्ष विविध कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर 11 सदस्यीय प्रदेश समिति गठित की गई है, जिसने पहले चरण में अटल जी से संबंधित लेख, भाषण, फोटोग्राफ्स और संस्मरणों के संग्रहण की योजना बनाई है। अटल जी से जुड़े लोगों और परिवारों से संपर्क कर उनके अनुभव और स्मृतियां एकत्र की जाएंगी।
जिलों और मंडलों में भी बनेगी आयोजन समितियां
प्रत्येक जिले में 5 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की समिति बनाई जाएगी।
मंडल स्तर पर 3 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसका संयोजन मंडल अध्यक्ष के पास रहेगा।
15 मार्च तक केंद्र से निर्धारित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए जिला प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
इन समितियों का मुख्य कार्य अटल जी से जुड़े लोगों से संपर्क कर उनका साक्षात्कार लेना, उनसे जुड़ी साहित्यिक व स्मृति सामग्रियों को एकत्र करना और स्थानीय स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित करना होगा।
अटल स्मृतियों का होगा संकलन और सम्मान
कोठारी ने कहा कि जिन लोगों ने अटल जी के साथ काम किया है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। जो अब जीवित नहीं हैं, उनके परिजनों से मिलकर उनके संस्मरण और संसाधनों को संग्रहित किया जाएगा।
“यह सिर्फ आयोजन नहीं, एक श्रद्धांजलि है। हम अटल जी के विचारों और सिद्धांतों को वर्तमान और भावी पीढ़ी तक पहुंचाना चाहते हैं।”
प्रस्तावित हैं केंद्रीय नेताओं की उपस्थिति में बड़े सम्मेलन
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य स्तर पर केंद्रीय नेतृत्व की उपस्थिति में बड़े कार्यक्रमों और सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा, जिनकी तिथियां शीघ्र तय की जाएंगी।
बैठक में उपस्थित रहे प्रमुख पदाधिकारी:
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, केदार जोशी, डॉ. बालेश्वर पाल, मधु भट्ट, शिव सिंह बिष्ट, विपुल कुमार, ऋषिराज डबराल और विनोद शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।