भारत ने एक बार फिर क्रिकेट इतिहास में सुनहरा अध्याय जोड़ते हुए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब पर कब्जा कर लिया। टीम इंडिया की इस शानदार जीत का जश्न देहरादून में जोर-शोर से मनाया गया।
मैच समाप्त होते ही शहर की फिजा पटाखों और जश्न के नारों से गूंज उठी। कई इलाकों में लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचकर जीत का उत्सव मनाया। राजपुर रोड, पटलडून, बल्लूपुर, प्रेमनगर जैसे प्रमुख इलाकों में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।
शहर के होटल और रेस्टोरेंट्स में फाइनल मैच देखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों ने हर चौके-छक्के और विकेट पर तालियों और नारों से माहौल को जोश से भर दिया। जैसे ही भारत ने जीत दर्ज की, वहां मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
दूनवासियों के लिए यह संडे सुपर संडे बन गया, जहां क्रिकेट के रोमांच और जीत के जश्न ने दिन को यादगार बना दिया। क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि यह जीत देश के लिए गर्व का क्षण है और टीम इंडिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़ी चुनौतियों को पार करने में सक्षम है।