उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। एक जनसभा में पीएम मोदी ने उन्हें न सिर्फ “ऊर्जावान मुख्यमंत्री” कहा, बल्कि स्नेहपूर्वक “छोटा भाई” कहकर संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान और बाद में भी प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री की पीठ थपथपाकर उन्हें प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री धामी प्रधानमंत्री के समीप पहुंचे, पीएम मोदी ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और फिर आत्मीय भाव से पीठ थपथपाकर उनकी सराहना की। यह दृश्य राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक समरसता का प्रतीक बन गया।
नीतिगत फैसलों पर शीर्ष स्तर से सराहना
हाल के वर्षों में मुख्यमंत्री धामी द्वारा लिए गए कई बड़े फैसले—जैसे समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने की पहल हो या राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन—केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के स्तर पर भरपूर सराहे गए हैं। प्रधानमंत्री ने इन प्रयासों को निर्णायक, दूरदर्शी और क्रियान्वयन में सक्षम बताया।
शीतकालीन यात्रा को लेकर राज्य सरकार की तैयारियों और दूरदर्शी सोच की भी पीएम मोदी ने खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने इसे “अभिनव आर्थिक पहल” करार दिया और कहा कि इससे उत्तराखंड की आर्थिकी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बार-बार अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी की सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए आभार जताया।
“यह दशक उत्तराखंड का है” – पीएम मोदी
अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के लिए जिस स्नेह और प्रशंसा के साथ शब्दों का चयन किया, वह स्पष्ट संकेत देता है कि केंद्र सरकार राज्य की दिशा और नेतृत्व से संतुष्ट है। उन्होंने कहा, “यह दशक उत्तराखंड का है और मुख्यमंत्री धामी की सरकार इस दिशा में शानदार काम कर रही है।” साथ ही, उन्होंने केदारनाथ यात्रा का भी जिक्र किया और उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन महत्व को रेखांकित किया।
हर्षिल में दिखा जनता का उत्साह, मोदी-मोदी के नारे गूंजे
हर्षिल की जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को क्षेत्रीय जनता के भारी उत्साह का भी सामना करना पड़ा। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, बार-बार “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने मुस्कान के साथ कई बार हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
पारंपरिक उत्तराखंडी परिधान और टोपी में नजर आए पीएम मोदी ने अपने भाषण में कई स्थानीय शब्दों और भावों का इस्तेमाल कर जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित किया। यह नजारा क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और उत्साह का विषय बन गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन और राज्य नेतृत्व के प्रति समर्थन का प्रतीक बन गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मिली खुली सराहना यह दर्शाती है कि राज्य और केंद्र के बीच मजबूत तालमेल से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।