देहरादून – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और भू-कानून की प्रमुख विशेषताओं और लाभों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से इन दोनों ऐतिहासिक कानूनों को जनता तक सक्रिय रूप से पहुंचाने का आह्वान किया है।
भट्ट प्रदेश पार्टी मुख्यालय से आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के विधायक, जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रतिनिधि, प्रभारी और सह प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन पर्व कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा की गई और अटल शताब्दी वर्ष, संविधान गौरव अभियान, तथा आगामी महिला दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
ऐतिहासिक निर्णयों को जनता तक पहुंचाना जरूरी: महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने कहा, “यूसीसी और भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को विधानसभा स्तर तक पहुंचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। हमारी सरकार ने भू-कानून लाकर प्रदेशवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। यह कानून राज्य की भू-संपदा की रक्षा और देवभूमि की संस्कृति के संरक्षण के लिए आवश्यक था।”
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए भ्रामक बातें और झूठ फैला रही है, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन कानूनों का संकल्प विधानसभा चुनावों में लिया था और उसे समयबद्ध रूप से पूरा भी किया।
संगठन पर्व और सुशासन दिवस की समीक्षा
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संगठन पर्व की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अटल जन्मशताब्दी वर्ष के तहत सुशासन दिवस से जुड़े कार्यक्रमों को फिर से गति देने का आग्रह किया। इसमें विचार गोष्ठियां, स्मृति संकलन, और वरिष्ठ जनों का सम्मान जैसे आयोजन शामिल होंगे।
महिला मोर्चा को दी जाएगी प्रमुख भूमिका
आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला मोर्चा, महिला विधायक और महिला पदाधिकारियों को आगे बढ़ाते हुए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद