श्रीनगर में एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार – Bharat Naman

श्रीनगर में एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार

श्रीनगर: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान एक निजी इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर एक निजी एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से रविंद्र सिंह बिष्ट (45), निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है।

उसके मुताबिक, वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था, जिसे यहां अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।

पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *