देहरादून: उत्तराखंड में युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की दिशा में प्रदेश सरकार ने 10 नए स्टार्टअप आइडिया का चयन किया है। चयनित युवाओं को सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उच्च अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद जल्द ही चयनित युवाओं को सम्मानित कर पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रदेश सरकार राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए उद्योग विभाग के सहयोग से जिलास्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों में बूट कैंप आयोजित किए गए, जहां युवाओं के नवाचार और बिजनेस आइडिया को परखा गया। इन्हीं में से 10 युवाओं के आइडिया को स्टार्टअप के लिए चयनित किया गया है।
219 स्टार्टअप को मिल चुकी है मान्यता
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 219 स्टार्टअप को प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त है। वहीं केंद्र सरकार के स्टार्टअप पोर्टल पर उत्तराखंड के 1500 से अधिक युवा स्टार्टअप के रूप में पंजीकृत हैं।
स्टार्टअप को कारोबार शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी तैयार किया है। इसके अलावा राज्य की स्टार्टअप नीति में युवाओं और नए उद्यमियों के लिए कई वित्तीय प्रोत्साहनों का प्रावधान किया गया है।
सरकार का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों को सिर्फ आइडिया तक सीमित न रखते हुए उन्हें सफल कारोबार में बदलने के लिए जरूरी वित्तीय और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना है।