देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश की मातृशक्ति के साथ पर्व मनाया। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में अपनी बहनों के बीच आए हैं। मातृशक्ति का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
बहनों को बड़ा तोहफा
रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाएं रक्षाबंधन पर अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को स्वामित्व से जोड़ने और लखपति दीदी अभियान जैसे प्रयासों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।