कैंपटी रोड पर भारी बारिश का कहर, देखते ही देखते धराशायी हुआ बहुमंजिला भवन – Bharat Naman

कैंपटी रोड पर भारी बारिश का कहर, देखते ही देखते धराशायी हुआ बहुमंजिला भवन

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक धराशायी हो गया। हादसे के वक्त भवन के अंदर मौजूद पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भवन गिरने से पहले अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही अंदर मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भागे। कुछ ही पलों में पूरा बहुमंजिला भवन भरभराकर मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में भवन के अंदर रखा पूरा सामान भी मलबे में दब गया।

बताया गया कि भवन में चार कमरे थे, जबकि इसकी छत पर एक रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। भवन के धराशायी होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बहुमंजिला इमारत को अचानक गिरते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय भवन में मौजूद पांचों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

बारिश के बीच बढ़ा भवनों पर खतरा

मसूरी समेत पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भवनों, सड़कों और अन्य निर्माणों पर खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही जर्जर और कमजोर भवनों का निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *