उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों को बस किराए में छूट देने की नई पहल शुरू की है। यह व्यवस्था सोमवार से लागू हो गई है और 30 सितंबर तक जारी रहेगी। निगम के अनुसार मानसून के दौरान यात्रियों की संख्या में कमी आई है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जून महीने में जहां प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख यात्री सफर कर रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 90 हजार रह गई है, जिससे आय पर भी असर पड़ा है।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि यदि कोई यात्री आने-जाने का टिकट एक साथ बुक करता है, तो उसे बेस फेयर पर 10-10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, समूह में यात्रा करने वालों के लिए भी विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। छह लोगों के समूह में टिकट बुक करने पर चौथे, पांचवें और छठे यात्री को क्रमशः 10, 12 और 15 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।
निगम का मानना है कि इस योजना से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और राजस्व में भी सुधार आएगा। इस संबंध में सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।