सीएम धामी ने आस्था ट्रेन को किया रवाना, 720 यात्री सोमनाथ के लिए प्रस्थान

देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में विशेष आस्था ट्रेन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष रेल यात्रा के माध्यम से करीब 700 श्रद्धालु छह दिवसीय तीर्थयात्रा पर वेरावल (सोमनाथ) के लिए रवाना हुए।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर व रात्रि भोजन, पेयजल, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां आधुनिक विकास और सनातन संस्कृति दोनों समान रूप से आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद सोमनाथ मंदिर ने यह संदेश दिया है कि भारत हर चुनौती के बाद और अधिक शक्ति के साथ आगे बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की प्राचीन सनातन परंपरा, गौरवशाली विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ने का एक विशेष अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा हैं। केदारखंड और मानसखंड के मंदिर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ हरिपुर कालसी स्थित यमुनातीर्थ के पुनरुद्धार पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा हरिद्वार-ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। दून विश्वविद्यालय में हिन्दू अध्ययन केंद्र की स्थापना कर भारतीय संस्कृति और इतिहास के अध्ययन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!