उत्तराखंड: दायित्वों का बंटवारा जारी, लेकिन वन निगम को अब तक नहीं मिला मुखिया; दो सूचियां हो चुकी जारी

प्रदेश में दायित्वधारियों की दो सूचियां जारी हो चुकी हैं। जिम्मेदारियों का बंटवारा जारी है, लेकिन वन निगम अब भी अपने मुखिया का इंतजार कर रहा है।

हाल ही में दायित्वधारियों की दो सूचियां जारी की गई हैं—पहले 14 और फिर 7 नेताओं को विभिन्न निगमों, बोर्डों और समितियों में जिम्मेदारियां दी गईं। इसके बावजूद वन निगम को अब तक प्रमुख नहीं मिल पाया है। करीब दो साल से निगम अध्यक्ष का पद खाली है और इसी तरह कई अन्य निगम भी हैं, जहां अध्यक्ष नियुक्त नहीं किए गए हैं।

वन विकास निगम की स्थिति देखें तो यह शीर्ष नेतृत्व से लेकर अधिकारियों की कमी तक का सामना कर रहा है। निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का वर्ष 2024 में निधन हो गया था, जिसके बाद से यह पद अब तक खाली पड़ा है। माना जा रहा था कि दायित्वधारियों की सूची जारी होने के साथ ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी, लेकिन फिलहाल यहां इंतजार ही बना हुआ है।

वन निगम के ढांचे में जीएम, आरएम और डीएलएम समेत कई पद खाली पड़े हैं, जिन पर फिलहाल प्रभार के आधार पर काम चल रहा है। इसी तरह कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम को भी अब तक अध्यक्ष नहीं मिल पाए हैं।

वहीं मंडी समितियों में भी अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो सकी है और बीस सूत्रीय कार्यक्रम में भी उपाध्यक्ष के पद खाली हैं। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि आने वाले समय में इन पदों पर भी दायित्वधारियों की घोषणा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!