देहरादून। कांग्रेस नेत्री श्रीमती मंजू त्रिपाठी ने भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं पर आज पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना की कडी निंदा की है और प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए शर्मनाक करार दिया है।
उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि प्रदेश में तमाम भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में रह रहकर गडबडियां सामने आ रही है। परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो जा रहे हैं या नकल हो रही है परिणामस्वरूप हर परीक्षा को स्थागित किया जा रहा है। बेरोजगार युवाओं को अपना भविष्य अंधकार में दिख रहा है। परीक्षाओं की शुचिता को लेकर भी उनमें संशय बढता जा रहा है। ऐसे में यदि वे भर्ती घोटालों की जांच की मांग कर रहे हैं तो गलत क्या है। सरकार को तो खुद ही इस मामले गम्भीरता से कार्यवाही करनी चाहिए लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार उल्टे युवाओं को पुलिस के जरिए पिटवाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की घटना बेहद शर्मनाक है और इससे प्रदेश की भाजपा सरकार के जनविरोधी और युवा विरोधी होने का पर्दाफाश हो गया। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सरकार को युवाओं पर लाठीचार्ज के लिए माफी मांगनी चाहिए