दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने पर सैलजा का वार, बोलीं—उत्तराखंड की जनता के साथ अन्याय! – Bharat Naman

दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने पर सैलजा का वार, बोलीं—उत्तराखंड की जनता के साथ अन्याय!

देहरादून। दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए इसे उत्तराखंड की जनता के मुंह पर तमाचा करार दिया। सैलजा ने कहा कि राज्य में अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत कई गंभीर मुद्दे हैं। ऐसे में कांग्रेस इस फैसले के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, भूमि माफिया, अवैध खनन जैसे मुद्दों पर सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार महत्वपूर्ण सवालों से बच रही है।

अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग

अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए सैलजा ने कहा कि पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय मिलने तक कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मामले में सबूतों से छेड़छाड़ और कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दुष्यंत गौतम की नियुक्ति पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर सवालों के बीच उन्हें राज्यपाल बनाया जाना एक बेटी और बहन के साथ अन्याय है।

बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे पर भी उठाए सवाल

सैलजा ने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण को लेकर भी सरकार पर धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा और कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

पलायन और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि प्रदेश के गांवों से लगातार पलायन हो रहा है और कई गांव वीरान होते जा रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर कांग्रेस की आपत्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर भी उठा रही है।

कांग्रेस ने घोषित किया आंदोलन का कार्यक्रम

सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बताते हुए कांग्रेस ने विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की। 22 से 25 अक्टूबर तक न्याय यात्रा, 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव, 1 नवंबर को दिल्ली में विशाल रैली और 4 नवंबर को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, ज्योति रौतेला, सुजाता पॉल, धीरेंद्र प्रताप और नवीन जोशी समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *