टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड टिहरी पुलिस ने एक युवक को 31 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 9 लाख 30 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में 13 अक्टूबर 2026 को ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत बीपुरम चौकी क्षेत्र में खाड़खाला के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 31 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम (26 वर्ष), पुत्र कलीराम, निवासी शांति नगर, गली नंबर-5, भरत मंदिर स्कूल के पास, ऋषिकेश, जिला देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली नई टिहरी में मुकदमा संख्या 40/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
टिहरी पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी भी तेज की है।