मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत आयोजित कार्यक्रम में छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक वितरित किए। साथ ही पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी स्वीकृति प्रक्रिया भी परिवहन विभाग द्वारा पूरी कर ली गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उत्तराखंड को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है, ऐसे में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश द्वारा हरित ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।