
देहरादून । मोदी सरनेम वाले बयान को लेकर राहुल गांधी के समर्थन में आज यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, प्रीतम सिंह और महानगर अध्यक्ष डा जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस भवन में धरना दिया और बाद में अपनी गिरफ्तारियां दी।
आपको बता दें कि मोदी सरनेम वाले बयान के मानहानि केस का सामना कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आज सूरत की एक अदालत ने दो साल की सजा सुनाई। बाद में अदालत ने सजा के अमल पर 30 दिन के लिए रोक लगाते हुए राहुल गांधी को बेल दे दी जिससे वे हाईकोर्ट में सजा को चुनौती दे सकें।
इसी के बाद यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस भवन में धरना देकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में अपनी गिरफ्तारियां भी दीं। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, प्रीतम सिंह, महानगर अध्यक्ष डा जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, श्रीमती मंजू त्रिपाठी, गरिमा दसौनी आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।