उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना को लेकर पहल तेज हो गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आयुष मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में संस्थान स्थापित करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की। राज्य सरकार पहले ही इसके लिए 50 एकड़ विवाद रहित भूमि केंद्र सरकार को प्रस्तावित कर चुकी है।
बैठक में मुख्य सचिव ने आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटचा के समक्ष राज्य का पक्ष मजबूती से रखते हुए संस्थान की स्थापना के लिए सभी आवश्यक तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है और यहां आयुर्वेद शिक्षा व चिकित्सा का मजबूत आधार मौजूद है।
प्रस्तावित स्थल भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के पास स्थित होने के कारण इसे समेकित चिकित्सा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे पहले हरिद्वार के गुरुकुल आयुर्वेद कॉलेज को उन्नत कर संस्थान बनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे आयुष मंत्रालय ने स्वीकार नहीं किया था।