राज्य कर विभाग ने कर चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरिद्वार संभाग के लक्सर क्षेत्र में आयरन और स्टील से जुड़ी तीन बड़ी फर्मों पर छापा मारा। मुख्यमंत्री की कर चोरी विरोधी सख्त नीति और आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान जीएसटी अपवंचन और स्टॉक में भारी गड़बड़ी पकड़ी गई। जांच के दौरान ही विभाग ने फर्मों से 2.10 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल लिया। विभाग ने सभी फर्मों के अभिलेख जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
विभाग को मिली शिकायतों में पता चला था कि कई स्टील फर्में अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर अपने रिटर्न में भुगतान बेहद कम या शून्य दिखा रही हैं। इसी आधार पर आयुक्त ने अपर आयुक्त पीएस डुंगरियाल, संयुक्त आयुक्त संजीव सोलंकी और संयुक्त आयुक्त राजेंद्र लाल वर्मा को विशेष जांच दल बनाने के निर्देश दिए।