एसकेविरमानी / ऋषिकेश। निकाय क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने एवं प्लास्टिक बैन करने के लिए इंटरनेशनल डे ऑफ जीरो वेस्ट के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभासदों, कर्मियों और वेस्ट वॉरियर्स ने ‘‘मशाल जुलूस‘‘ निकालकर जागरूकता अभियान चलाया। साथ ही खाराश्रोत नदी में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया।
पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी एवं ईओ तनवीर सिंह मारवाह के निर्देशानुसार सभासदगण, निकाय कर्मियों एवं वेस्ट वॉरियर्स के सदस्य मुनिकीरेती पालिका में एकत्र हुए। यहां से सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट एवं मृदुल कुमार के नेतृत्व में मशाल जुलूस ‘‘स्वच्छ भारत-सुन्दर भारत एवं प्लास्टिक मुक्त शहर हो हमारा‘‘ के नारों के संग पीडबल्यूडी तिराहे से होता हुआ खाराश्रोत नदी में पहुंचा।
इसके बाद खाराश्रोत नदी में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया एवं करीब 25 कुंटल गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्र किया गया। सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट ने बताया कि नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त करने के लिए नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला लगातार प्रयासरत है। जागरूकता फैलाने के लिए निकाय की ओर से समय-समय विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मशाल जुलूस के दौरान क्षेत्रवासियों से स्वच्छता बनाए रखने एवं प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की गई है।
मौके पर सभासद विरेंद्र चौहान, सभासद प्रतिनिधि राजेंद्र थलवाल, सफाई नायक राजू, महिपाल, मायाराम, मनोज, जितेंद्र सजवाण, वेस्ट वॉरियर्स राहुल मक्कर, प्रेम एवं पर्यावरण मित्र उपस्थित थे.