मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से स्यानाचट्टी के हालात की जानकारी ली। उन्होंने कुपड़ा गांव में मलबा आने के कारण बनी झील से जल निकासी के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर जल्द जरूरी कदम उठाने को कहा। धामी ने कहा कि झील से पानी निकासी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम ने एसडीआरएफ व एनडीआरएफ के साथ सिंचाई विभाग को युद्ध स्तर पर कार्य करने को कहा है। झील के एक हिस्से को खोलने के लिए लोनिवि, एसडीआएफ, सिंचाई विभाग और अन्य एजेंसियां जुटी हैं। झील के जलस्तर में लगातार कमी आ रही है। उन्होंने स्यानाचट्टी के लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही हालात सामान्य हाे जाएंगे।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि वर्तमान में नदी के एक हिस्से से पानी की निकासी हो रही है। दलदल होने के कारण चैनेलाइजेशन करना अभी संभव नहीं हो सका है। अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। प्रशासन के माध्यम से लोगों के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 होटल, दुकान और दो आवासीय भवन (10 प्रभावित परिवार) में जलभराव हुआ है। इसके अलावा गढ़वाल मंडल विकास निगम, सहकारी समिति भवन, प्राथमिक विद्यालय स्यानाचट्टी, राजकृष्ण मंदिर, स्यानाचट्टी पुलिस चौकी, एनएच का पुल, पटवारी चौकी राना- स्यानाचट्टी में जल भराव हुआ है।