नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड के 4 नेता, तीरथ और बलूनी को अहम जिम्मेदारी – Bharat Naman

नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड के 4 नेता, तीरथ और बलूनी को अहम जिम्मेदारी

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की। इसमें उत्तराखंड के चार वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिली है।

मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में तीरथ सिंह रावत को टिकट नहीं मिला था। अब भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री के पद पर बनाए रखा गया है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी संभालने वाले आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। इस तरह भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।

CM धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी नेता अपने अनुभव, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के साथ भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि सभी नेता राष्ट्रसेवा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *